Tuesday 18 December 2018

पूर्व एमएलसी लक्ष्मी देवी की बेटी ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता



जमालपुर। कांग्रेस की पूर्व विधान पार्षद लक्ष्मी देवी की पुत्री राखी राणा ने मंगलवार को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने राखी राणा को  विधिवत पार्टी की सदस्यता दिलाई। जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने राखी राणा को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराते हुए पार्टी की कार्यप्रणाली एवं नियम व शर्तों को समझाते हुए पार्टी के प्रति निष्ठा से कार्य करने के लिए आह्वान किया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए पूर्व विधान परिषद लक्ष्मी देवी ने कहा कि उनकी तीसरी पीढ़ी कांग्रेस पार्टी की सेवा करने के लिए तैयार है। उन्होंने विधान परिषद सदस्य, बिहार लोक सेवा आयोग की सदस्य एवं महिला आयोग की सदस्य के रूप में पार्टी समाज एवं प्रदेश के लोगों के लिए कार्य किया है। उनकी मां स्व लीला देवी 1962 में कांग्रेस की टिकट पर बरबीघा से चुनाव जीतकर विधायक बनी। उनकी मां भी ताउम्र कांग्रेस की सेवा करती रही। अब अपनी बेटी राखी राणा को पार्टी, समाज व प्रदेश की सेवा के लिए कांग्रेस में ज्वाइन कराया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, देवराज सुमन एवं ब्रह्मदेव चौरसिया ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में युवाओं का विश्वास काफी बढ़ा है। भाजपा के झूठे वायदों से धोखा खाने के बाद युवा वर्ग आज कांग्रेस के प्रति आशान्वित है। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद राखी राणा ने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में वह कांग्रेस के हाथ को मजबूत करेगी। सोनिया गांधी एवं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के विकास के लिए जो अभियान चलाया है उसे आगे बढ़ाने में उनका पूरा योगदान रहेगा। आने वाले समय में भारत के सभी राज्यों में कांग्रेस की वापसी होने जा रही है। भारत की जनता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती है। मौके पर मोहन सिंह, श्याम सुंदर, अजय सिंह बच्चन, रामू सिंह, अजीत मालाकार, कृष्णा अग्रवाल, अरुण सिंह अशोक पासवान, इंद्रदेव मंडल, जमालपुर नगर अध्यक्ष साईं शंकर, मुंगेर नगर अध्यक्ष चंदन सिंह, राजेश जिला उपाध्यक्ष बमबम यादव, सनी कुमार, विनीता देवी, रीता देवी, गोलू पासवान, वसीम अकरम, चीकू मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment

nhlivemunger@gmail.com